"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कचरे की डंपिंग पर कलेक्टर का सख्त रुख, फील्ड में उतरकर परखी शहर की सफाई व्यवस्था

खोखरा एसएलआरएम केंद्र में कचरा डंपिंग पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश, सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा जुर्माना

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 अगस्त 2026

शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। रविवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे अचानक फील्ड में उतरे और नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था का जमीनी जायजा लिया। कलेक्टर ने चार मणिकंचन केंद्रों (एसएलआरएम) का औचक निरीक्षण कर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की पूरी व्यवस्था परखी।

निरीक्षण के दौरान खोखरा एसएलआरएम केंद्र में कचरे की डंपिंग को लेकर कलेक्टर का रुख सख्त नजर आया। उन्होंने केंद्र में कचरा डंप करने पर पूर्णतः रोक लगाने तथा पहले से जमा कचरे का शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कचरा मिला-जुला तो कार्रवाई तय
कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में स्रोत पर ही कचरा पृथक्करण की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए। घरों के साथ दुकानों, बाजारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर ही संग्रहित किया जाए।
उन्होंने कहा कि दुकानदार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपना कचरा नगर पालिका के निर्धारित संग्रहण वाहनों को ही सौंपें। बिना पृथक्करण के कचरा देने वालों को पहले समझाइश दी जाए और नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए।
व्यावसायिक क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखने और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अमले को सक्रिय रूप से मैदान में काम करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा फेंका तो लगेगा जुर्माना
कलेक्टर ने सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सड़क, नाली अथवा खुले सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। लोगों को लगातार जागरूक करने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए।
स्वच्छता दीदियों से सीधे संवाद, सुरक्षा पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएलआरएम केंद्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने उनके कार्य, कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण की प्रक्रिया तथा काम के दौरान आने वाली परेशानियों की जानकारी ली।
स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
वार्ड क्रमांक 18 में घर-घर पहुंचकर देखी व्यवस्था
इसके बाद कलेक्टर वार्ड क्रमांक 18 पहुंचे, जहां उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने फील्ड में काम कर रही कचरा संग्रहण टीम की कार्यप्रणाली देखी और घरों से कचरा संग्रहण के साथ-साथ स्रोत पर कचरा पृथक्करण की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर नगर पालिका की कचरा संग्रहण टीम को सौंपे। उन्होंने सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा नगर पालिका की सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
सफाई व्यवस्था पर लगातार निगरानी के निर्देश
कलेक्टर महोबे ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को स्रोत पर कचरा पृथक्करण, नियमित घर-घर कचरा संग्रहण, व्यावसायिक क्षेत्रों की सफाई और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के लिए केवल कचरा उठाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही संग्रहण, पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More