"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस निरस्त, निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने की शिकायत पर कार्रवाई

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 27 अगस्त 2026

किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में कृषि विभाग की टीम ने बलौदा विकासखंड स्थित मेसर्स ओम प्रकाश मित्तल उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।

कृषि विभाग के अनुसार, प्रतिष्ठान के खिलाफ यूरिया उर्वरक को निर्धारित शासकीय दर से अधिक मूल्य पर बेचने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के लिए विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उर्वरक विक्रेता अधिसूचित प्राधिकारी द्वारा जारी नक्शे में दर्ज विक्रय स्थल के बजाय अन्य स्थान से उर्वरक का विक्रय कर रहा था। वहीं, निर्धारित शासकीय दर से अधिक मूल्य पर यूरिया बेचने के संबंध में भी विक्रेता द्वारा संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।
कृषि विभाग ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए मेसर्स ओम प्रकाश मित्तल का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
किसानों को राहत देने प्रशासन का सख्त संदेश
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरक के मूल्य और वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को यूरिया सहित अन्य उर्वरक निर्धारित शासकीय दर पर आसानी से उपलब्ध हो सकें, इसके लिए निरीक्षण और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से उर्वरक की कालाबाजारी और मनमानी कीमत वसूली करने वाले विक्रेताओं में हड़कंप मचने की संभावना है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More