
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 27 अगस्त 2026
साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 27 अगस्त को जांजगीर-चांपा जिले में व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. उलेंद्रन यार्क सहित पुलिस टीम के नेतृत्व में गांव से शहर तक अभियान को जनअभियान का रूप मिला।
अभियान में महतारी सेवा समिति सहित विभिन्न गैर-सरकारी संगठन, महिला समितियां, सरकारी अधिकारी, महिला समूह और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। अभियान के दौरान एक लाख से अधिक लोगों ने एक-दूसरे को ‘साइबर जागृति राखी’ बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश दिया।
इस व्यापक जनभागीदारी को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से भी जोड़ा गया। आयोजकों के अनुसार, जांजगीर-चांपा ने छत्तीसगढ़ में पहली बार गोल्ड मेडल हासिल कर साइबर जागरूकता के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है।
पुलिस प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने में जुटे सभी सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं और जिलेवासियों का आभार जताया। जांजगीर-चांपा की यह पहल अब साइबर सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता की बड़ी मिसाल बनकर सामने आई है।










