
रक्षाबंधन से पहले बिर्रा में साइबर जागृति अभियान, थाना प्रभारी ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बताए ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय
Kpn24.com जांजगीर चांपा 28 अगस्त 2026
डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट जहां जिंदगी को आसान बना रहे हैं, वहीं साइबर अपराधी लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इसी को देखते हुए रक्षाबंधन पर्व से पूर्व जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले की ग्राम पंचायतों में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत ग्राम पंचायत बिर्रा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पंच-सरपंच, जनप्रतिनिधि, पत्रकार, पुलिसकर्मी, विद्यालयीन छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने लोगों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों और उनसे बचने के जरूरी उपायों की जानकारी दी।
एक गलत क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता
थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने लोगों को विशेष रूप से चेताते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक को बिना जांचे न खोलें। साइबर अपराधी संदेश, सामाजिक माध्यमों और अन्य माध्यमों से आकर्षक लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने संदिग्ध या फर्जी संदेशों में आने वाली एपीके फाइल या लिंक को डाउनलोड अथवा खोलने से पूरी तरह बचने की सलाह दी।
उन्होंने साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। साथ ही फर्जी और स्पैम कॉल करने वाले नंबरों से सावधान रहने, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा अनजान व्यक्ति के कहने पर किसी भी खाते में लेन-देन नहीं करने की अपील की।
‘म्यूल अकाउंट’ के जाल से भी सावधान रहने की अपील
कार्यक्रम में पुलिस ने म्यूल अकाउंट (खच्चर खाता) के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। बताया गया कि साइबर अपराधी कई बार दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए करते हैं। ऐसे मामलों में बिना जानकारी के भी खाताधारक कानूनी परेशानी में फंस सकता है। इसलिए किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते का इस्तेमाल कराने से बचने की सलाह दी गई।
बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल पर भी जताई चिंता
थाना प्रभारी ने अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल उपयोग पर विशेष निगरानी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बिना निगरानी मोबाइल देना भविष्य में साइबर अपराध का शिकार बनने का कारण बन सकता है। अभिभावकों को बच्चों के सामाजिक माध्यमों के उपयोग, अनजान संदेशों और इंटरनेट गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई।
रक्षासूत्र के साथ लिया सुरक्षा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान रक्षाबंधन पर्व की भावना भी देखने को मिली। महिला पंचों और सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का संदेश दिया। वहीं बिर्रा पुलिस ने उपस्थित लोगों की कलाई पर साइबर जागृति अभियान का चिह्न लगा धागा बांधकर साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया।
थाना प्रभारी ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बहनों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
ग्राम पंचायत बिर्रा में आयोजित कार्यक्रम में जनपद सदस्य रितेश रमण सिंह ‘छोटू बाबा’, सरपंच श्रीमती पिलीबाई एकादशिया साहू, उपसरपंच श्रीमती विमला कश्यप, पत्रकार जितेन्द्र तिवारी, राघवेन्द्र पाण्डेय, मणीलाल कश्यप, सचिव रोहित पटेल, पंच छोटेलाल केंवट, राधेश्याम केशरवानी, कमल कटकवार, एकांश पटेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस टीम से प्रधान आरक्षक तीजराम जांगड़े, गौतम पाण्डेय, विवेक सिंह, आरक्षक जनक कश्यप, राजकुमार जोशी, लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी, रामसाय साहू सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावा सरस्वती शिशु मंदिर बिर्रा की प्राचार्य सुप्रिया शुक्ला, रूपेश कुमार कश्यप, पंच विमला चौहान, प्रदीप साहू, धनसाय कश्यप, भोलाराम देवांगन, बुधेश देवांगन, बूंदराम, बलराम कश्यप तथा कोटवार भगवान दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए।










