
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुनी ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी, महिमा राजपूत का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव बताया
Kpn24.com रायपुर 30 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों से प्रधानमंत्री का आत्मीय संवाद है। इसके माध्यम से देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों और प्रेरक कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को जरूरी बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में 8 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करना देशवासियों के राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गौरव को दर्शाता है। उन्होंने स्वच्छता को भी केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और आदत बनाने का आह्वान किया।
महिमा राजपूत की उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ को गर्व
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का उल्लेख होने पर मुख्यमंत्री ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों के माध्यम से बेटियों को अंतरिक्ष विज्ञान और उपग्रह तकनीक से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। महिमा राजपूत की उपलब्धि प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे छत्तीसगढ़ के प्रयासों को भी राष्ट्रीय मंच दिया है। इससे प्रदेश की संस्कृति, विरासत और सकारात्मक कार्यों को देशभर में पहचान मिल रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










