"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नारी के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से बनेगा समृद्ध छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय

नारी शक्ति सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान, बोले मुख्यमंत्री—महिलाओं को अधिकार, अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

Kpn24.com रायपुर 30 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जब नारी आगे बढ़ती है तो परिवार, समाज और पूरा राष्ट्र आगे बढ़ता है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा, समान अवसर और आर्थिक स्वावलंबन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में मुख्यमंत्री ने चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, कला-संस्कृति, कृषि, महिला उद्यमिता, सामाजिक सेवा और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित महिलाएं प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। छत्तीसगढ़ की महिलाएं आज खेती-किसानी से लेकर आधुनिक तकनीक और उद्यमिता तक हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
13.85 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। महिलाओं को कौशल, पूंजी, बाजार और तकनीक से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास लगातार जारी है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक 31 किस्तें अंतरित की जा चुकी हैं।
481 महतारी सदनों का हो रहा निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है। महिलाओं के लिए प्रशिक्षण, बैठक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में 481 महतारी सदनों का निर्माण किया जा रहा है।
‘मेरी बेटी, मेरा अभिमान’ पहल के तहत 6,671 बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है।
महिला आयोग को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. ममता साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने के साथ उनके कानूनी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने का भी सशक्त माध्यम बने।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी नारी सशक्तिकरण को समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जब एक बेटी पढ़ती है तो एक पीढ़ी शिक्षित होती है और जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ता है।” नारी शक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से ही समृद्ध एवं विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More