
अध्यक्ष के शासकीय शिक्षक पति पर नगर पंचायत के कामकाज में दखल देने का आरोप, भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत जनप्रतिनिधियों ने की कार्रवाई की मांग
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 08 सितंबर 2026
नगर पंचायत बलौदा के कामकाज को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। नगर पंचायत अध्यक्ष के शासकीय शिक्षक पति पर नगर पंचायत कार्यालय के कार्यों में कथित रूप से अनधिकृत हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर जांजगीर-चांपा से लिखित शिकायत की गई है।
शिकायत में मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई और ऐसे हस्तक्षेप पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
शिकायत में क्या लगाए गए आरोप?
भारतीय जनता पार्टी बलौदा मंडल के अध्यक्ष निलेश गुप्ता सहित नगर पंचायत के पार्षदों, एल्डरमैन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की ओर से दिए गए आवेदन में कहा गया है कि नगर पंचायत बलौदा की निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती कविता डहरिया के पति प्रवीण प्रताप डहरिया शासकीय शिक्षक हैं। आरोप है कि नगर पंचायत का कार्यकाल शुरू होने के बाद से वे नगर पंचायत कार्यालय के विभिन्न कार्यों में कथित रूप से हस्तक्षेप करते आ रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिकारी और कर्मचारी भी उन्हें रोकने के बजाय उनके प्रभाव में कार्य करते हैं और उनकी बातों को प्राथमिकता दी जाती है।
कलेक्टर से जांच और कार्रवाई की मांग
शिकायत में कहा गया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह नगर पंचायत के प्रशासनिक कामकाज और शासन के नियमों से जुड़ा गंभीर विषय है। शिकायतकर्ताओं ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने तथा शासन एवं कानून के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
आवेदन के साथ कथित गतिविधियों से संबंधित तस्वीरें भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों को भी भेजी शिकायत
मामले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को भी शिकायत की प्रतिलिपि भेजी गई है। शिकायत पर भाजपा मंडल अध्यक्ष निलेश गुप्ता सहित नगर पंचायत बलौदा के कई पार्षदों, एल्डरमैन एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम दर्ज हैं।











