"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मासिक धर्म स्वास्थ्य पर टूटी झिझक, ‘जागरूक नारी’ अभियान में छात्राओं को मिली वैज्ञानिक जानकारी

Kpn24.com बिलासपुर 11 सितंबर 2026

मासिक धर्म को लेकर समाज में व्याप्त झिझक और भ्रांतियों को दूर करने तथा छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से जे.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, बिलासपुर में आर्यन फ़िल्म के ‘जागरूक नारी’ अभियान के तहत मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की वैज्ञानिक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल (आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने मासिक धर्म स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।
विशेषज्ञों ने साझा की महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. उषा किरण बाजपेयी, प्रोफेसर एवं समाजसेवी, डॉ. दीक्षा, शासकीय अस्पताल सकरी तथा सुश्री पूजा मनहर, असिस्टेंट प्रोफेसर ने छात्राओं से संवाद करते हुए मासिक धर्म स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, आवश्यक सावधानियों और इससे जुड़े सामाजिक भ्रमों की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर बिना झिझक बात करने और किसी भी असामान्य स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि मासिक धर्म कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के जीवन की एक सामान्य और प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है।
‘सही जानकारी और खुला संवाद’ पर जोर
अभियान के दौरान ‘सही जानकारी, खुला संवाद और बेहतर स्वास्थ्य—एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की नींव हैं’ का संदेश प्रमुखता से दिया गया। आयोजकों ने कहा कि मासिक धर्म को लेकर मौजूद गलत धारणाओं और सामाजिक झिझक को दूर करने के लिए युवतियों के साथ-साथ पूरे समाज को जागरूक करना आवश्यक है।
संस्थान प्रबंधन और सहयोगी संस्थाओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम में जे.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन के. खान, सेक्रेटरी डॉ. इरशाद खान, डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह तथा जेईएस नर्सिंग की प्राचार्य डॉ. अनुपमा अग्निहोत्री सहित शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
‘जागरूक नारी’ अभियान के सफल आयोजन में रैपिडो, होटल बंशीवाला, एरिना एनीमेशन, टर्सेल प्राइवेट लिमिटेड, आशीर्वाद हॉस्पिटल एवं जीवधार्नी फाउंडेशन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रबंधन और आर्यन फ़िल्म टीम ने अतिथियों, विशेषज्ञों, शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े ऐसे अभियानों को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई गई।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More