
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 19 सितम्बर 2026
बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह के दूसरे दिवस आज कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे (च) में एक भव्य कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधायकब्यास कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए। जिलेभर से पहुंचे किसानों ने इस संगोष्ठी में भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया और कृषि क्षेत्र की नई बारीकियों को सीखा।
आधुनिक कृषि यंत्रों और नवीन तकनीकों पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, दलहन-तिलहन फसलों के उत्पादन, फसल चक्र, और कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने फसलों को खतरनाक रोगों से बचाने, बंपर पैदावार बढ़ाने और मृदा (मिट्टी) स्वास्थ्य संरक्षण के बेहद कारगर उपाय साझा किए।
जैविक खेती और सह-व्यवसायों को बढ़ावा
संगोष्ठी में किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, आय के अतिरिक्त स्रोत के रूप में मछली पालन, सब्जी उत्पादन और कुक्कुट पालन जैसी कृषि-आधारित गतिविधियों की भी जानकारी दी गई। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, जल संरक्षण और उन्नत तकनीकों के जरिए खेती को लाभ का सौदा बनाने का मार्गदर्शन मिला। इस दौरान किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया गया।
प्रक्षेत्र भ्रमण कर किसानों ने लिया लाइव अनुभव
संगोष्ठी के बाद किसानों को प्रक्षेत्र भ्रमण कराया गया, जहाँ उन्होंने मौके पर आधुनिक कृषि पद्धतियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया और उनके क्रियान्वयन की बारीकियों को समझा।
विधायक ब्यास कश्यप ने की किसानों से खास अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि हमारा जिला कृषि की दृष्टि से बेहद समृद्ध है। यहाँ की समतल भूमि, नहरों और प्रचुर जल संसाधनों के कारण खेती-किसानी की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने अन्नदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे पारंपरिक धान की फसल के साथ-साथ अन्य फसलों को भी अपनाएं और फसल चक्र को अपने खेतों में लागू करें। विधायक ने गेहूं और चना जैसी फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने तथा खेतों की मेड़ व अतिरिक्त खाली पड़ी भूमि का भी बेहतरीन उपयोग करने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विधायक और अन्य अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों एवं कृषि यंत्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
प्रमुख रूप से ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जनपद सदस्य टंकेश्वर यादव, प्रगतिशील कृषक दुष्यंत सिंह, जर्वे सरपंच श्री कोमल कश्यप, शाकम्भरी बोर्ड के सदस्य बसंत पटेल, सनत कुमार पटेल, शिवकुमार तिवारी, और संदीप तिवारी सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के तमाम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।










