
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर मध्यप्रदेश
Kpn24.com बुरहानपुर 20 सितंबर 2026
चार दशक का लंबा अंतराल, बदलती जिंदगी और अलग-अलग राहों के बावजूद दोस्ती की डोर ने सेवासदन महाविद्यालय के 1982-85 बैच के पूर्व छात्रों को एक बार फिर एक मंच पर ला दिया। रविवार को श्री कृष्णमंगल कार्यालय में आयोजित पुनर्मिलन समारोह में सहपाठी मिले तो कॉलेज के दिनों की सुनहरी यादें फिर जीवंत हो उठीं।
वाणिज्य संकाय के इस बैच में कुल 120 विद्यार्थी थे, जिनमें से करीब 50 पूर्व छात्र इस खास अवसर पर शामिल हुए। सुबह स्वल्पाहार के साथ शुरू हुए आयोजन में परिचय सत्र हुआ। पूर्व छात्रों ने अपने वर्तमान कार्यक्षेत्र, जीवन के अनुभव और उपलब्धियों को साथियों के साथ साझा किया। वर्षों बाद मिले मित्रों के बीच आत्मीयता और उत्साह देखते ही बना।
पुरानी यादों के साथ भविष्य की भी बनी योजना
दोपहर में सुरुचिपूर्ण भोजन के बाद शाम 4 बजे चाय पर चर्चा का दौर चला। इस दौरान सभी ने पुराने संस्मरण साझा किए और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर सहमति जताई। सभी पूर्व छात्रों ने सर्वसम्मति से आगामी समय में एक वृहद पुनर्मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया, जिसकी तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी।
इसके बाद पूर्व छात्र अपने पुराने दिनों की यादें संजोने सेवासदन महाविद्यालय के परिसर पहुंचे। कॉलेज परिसर का भ्रमण करते हुए उन्होंने छात्र जीवन से जुड़ी यादों को फिर से महसूस किया। इस भावुक और यादगार पल को कैमरे में कैद करने के लिए सभी पूर्व छात्रों का सामूहिक छायाचित्र लिया गया।
चार दशक बाद हुई यह मुलाकात केवल एक पुनर्मिलन नहीं, बल्कि दोस्ती, अपनत्व और बीते हुए छात्र जीवन की खूबसूरत यादों को फिर से जीने का अवसर बन गई।
आयोजन को सफल बनाने में निरंजन नागर, जितेंद्र यादव, कन्हैयालाल मोरे, संजय मालवी, मुकेश देवड़ा, प्रदीप तोदी, संजय कारंजावाला, भगवानदास शाह, संदीप कपूर सहित अन्य पूर्व छात्रों का विशेष सहयोग रहा।










