"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी मुसीबत, युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और अनाचार के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 सितंबर 2026

इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती के बाद युवती को बहला-फुसलाकर घर से ले जाने और अलग-अलग स्थानों पर अनाचार करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर उसे बिलासपुर, दुर्ग होते हुए धमधा ले गया, जबकि दूसरे आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अनाचार किया।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 15 सितंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे दुकान जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम के जरिए परिचित हुए युवक इन्द्रजीत ठाकुर उर्फ ईशु ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह युवती को बिलासपुर, फिर दुर्ग और उसके बाद धमधा ले गया, जहां उसके साथ अनाचार किए जाने का आरोप है।
अगले दिन धमधा क्षेत्र में काम करने वाले साहिल लहरी उर्फ सालू ने युवती को शादी का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ अनाचार किया। पीड़िता ने किसी तरह घटना की सूचना धमधा पुलिस को दी, जिसके बाद परिजनों को जानकारी देकर उसे सुरक्षित घर लाया गया।
साइबर तकनीक से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पीड़िता की रिपोर्ट पर चांपा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस ने साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में अपराध में संलिप्तता सामने आने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
इन्द्रजीत ठाकुर उर्फ ईशु, निवासी पेंड्रावन, थाना धमधा, जिला दुर्ग — इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर युवती को अपने साथ ले जाने का आरोपी।
साहिल लहरी उर्फ सालू, निवासी डुमरीकला, थाना ढेलकाडीह, जिला राजनांदगांव — शादी का झांसा देकर अनाचार करने का आरोपी।
पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More