"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

वायरल वीडियो पर कलेक्टर महोबे का तत्काल एक्शन, जांच में दोषी मिले तो होगी कठोर कार्रवाई

स्कूलों में अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश, शिक्षकों की उपस्थिति व कार्य व्यवहार की होगी नियमित निगरानी

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 24 सितंबर 2026

पामगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भांठापारा भुईगांव के प्रधान पाठक से संबंधित वायरल वीडियो ने शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो का कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर महोबे ने जिले के सभी विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और शिक्षकों के अनुशासन तथा कार्य व्यवहार पर सतत निगरानी रखने कहा है।
नशे या अनुशासनहीनता की शिकायतों पर भी नजर
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता अथवा नशे से संबंधित शिकायतों वाले शिक्षकों की जानकारी संकलित कर सूची तैयार की जाए। प्राप्त शिकायतों की जांच कर यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुराने मामलों की भी मांगी अद्यतन जानकारी
कलेक्टर ने अब तक सामने आए अनुशासनहीनता से जुड़े प्रकरणों में की गई विभागीय जांच और कार्रवाई की अद्यतन जानकारी भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से ऐसे मामलों की जानकारी मांगी गई है, जिनमें दीर्घशास्ति आरोपित की गई है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या शिक्षकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में जांच के बाद दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More