Kpn24.com रायपुर 26 सितंबर 2026
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम जीत ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक सफलता में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी संजू देवी की महत्वपूर्ण भूमिका ने प्रदेश का मान और बढ़ा दिया है। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत की और उन्हें स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू देवी की उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर न केवल राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
गांव और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज शिक्षा, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। राज्य सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर सकें।
भारतीय टीम को भी दी बधाई
मुख्यमंत्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया उपस्थित थे।










