
मारवा में पीएलएफ 49 से बढ़कर 84.4 प्रतिशत पहुंचाना बड़ी उपलब्धि, कोरबा पश्चिम में 46 दिनों में पूरा हुआ जटिल नवीनीकरण कार्य
Kpn24.com रायपुर 30 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रबंध निदेशक संजीव कुमार कटियार के कार्यकाल में राज्य शासन ने एक बार फिर वृद्धि की है। ऊर्जा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब श्री कटियार 31 मार्च 2027 तक प्रबंध निदेशक के पद पर बने रहेंगे।
मारवा संयंत्र के प्रदर्शन में आया बड़ा सुधार
श्री कटियार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में एबीवीटीपीएस मारवा के प्रदर्शन में हुआ उल्लेखनीय सुधार शामिल है। वित्त वर्ष 2023-24 में प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) 49 प्रतिशत से बढ़कर 84.4 प्रतिशत तक पहुंच गया। इस बेहतर प्रदर्शन के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी ने 33 राज्य जनित निगमों में प्रथम स्थान हासिल किया।
46 दिनों में पूरा हुआ चुनौतीपूर्ण कार्य
इसी क्रम में कोरबा पश्चिम ताप विद्युत संयंत्र में जटिल स्टेशन नियंत्रण एवं इंस्ट्रूमेंटेशन प्रणाली के नवीनीकरण का महत्वपूर्ण कार्य महज 46 दिनों में पूरा किया गया। बिजली उत्पादन व्यवस्था के लिहाज से चुनौतीपूर्ण माने जाने वाले इस कार्य को निर्धारित समय में पूरा करना कंपनी की तकनीकी क्षमता और टीमवर्क को दर्शाता है।
तकनीकी विशेषज्ञता के साथ नेतृत्व क्षमता
मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक एस.के. कटियार प्रमाणित ऊर्जा लेखा परीक्षक हैं। उन्होंने प्रबंधन में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। उनकी कार्यशैली में स्पष्ट दिशा-निर्देश, टीम को प्रेरित करना तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए सशक्त बनाना प्रमुख माना जाता है।
कार्यकाल में हुई पुन: वृद्धि के साथ अब छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी में उनके नेतृत्व को मार्च 2027 तक निरंतरता मिलेगी।










