
पिकअप के पीछे बने लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा था डीजल, आगे-आगे चल रही आर्टिगा कार भी पकड़ी गई — करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 30 सितंबर 2026
जिले में अवैध रूप से डीजल के भंडारण और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बलौदा और अकलतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने बिरगहनी-कटरा जंगल मार्ग पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन से करीब 1000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया। डीजल को पिकअप के पीछे बने लोहे के टैंकर में छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने डीजल परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन और आगे-आगे निगरानी करते हुए चल रही आर्टिगा कार सहित करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शडॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। अकलतरा SDOP डॉ. मेखलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि पिकअप क्रमांक CG-15-DL-6268 में बने लोहे के टैंकर में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में डीजल भरकर हरदीबाजार रोड की ओर ले जाया जा रहा है। पिकअप के आगे आर्टिगा कार क्रमांक CG-10-AD-8114 चल रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम कटरा जंगल पहुंची और दोनों वाहनों की घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप की पीछे लगी ट्रॉली में बने लोहे के टैंकर से करीब 1000 लीटर डीजल बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके आरोपी
पुलिस के अनुसार वाहन में सवार नरेश कुमार भारती, भीमसिंह गोंड़ और रामनरेश प्रजापति से डीजल के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने भीमसिंह गोंड़ के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत का पिकअप वाहन और करीब 1 लाख रुपये का 1000 लीटर डीजल, जबकि नरेश कुमार भारती के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये कीमत की आर्टिगा कार जब्त की। इस तरह कुल करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली। बरामद डीजल को वाहन के अंदर ही सीलबंद कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
नरेश भारती, पिता स्व. पूरन भारती, उम्र 34 वर्ष, निवासी सरईताल बुड़गहन, थाना बलौदा।
भीमसिंह गोंड़, पिता स्व. रूपसिंह गोंड़, उम्र 43 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा।
रामनरेश प्रजापति, पिता बलदाऊ प्रजापति, उम्र 31 वर्ष, निवासी बुड़गहन, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, थाना अकलतरा प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, ASI रामदुलार साहू, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर, साइबर टीम सहित दोनों थानों के पुलिस बल का सराहनीय योगदान रहा।










