
रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज के दौरान हुई थी युवक की मौत, मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 अक्टूबर 2026
उधारी के महज 2 हजार रुपये मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले में पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 अगस्त 2026 की दोपहर की है। पामगढ़ निवासी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे और उसके साथियों का उधारी के 2 हजार रुपये मांगने को लेकर रमेश टंडन उर्फ महेश और उसके बेटे शिवा उर्फ भोलेशंकर टंडन से विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लकड़ी के डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
इस हमले में शिवा के सिर, पैर, पीठ और कमर में गंभीर चोटें आईं। घायल युवक को उपचार के लिए रायपुर स्थित डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 अगस्त 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) सहित अन्य धाराएं जोड़कर विवेचना शुरू की।
मुख्य आरोपी के बाद अब दो और गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पामगढ़ पुलिस ने ओमीश कुर्रे उर्फ सोनू (21 वर्ष) और मन कुर्रे (19 वर्ष), दोनों निवासी पामगढ़, को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस प्रकरण में मुख्य आरोपी अविनाश उर्फ मन्नू कुर्रे (26 वर्ष), निवासी पामगढ़, को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ के निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, उपनिरीक्षक कविता टंडन, सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले, सीताराम सूर्यवंशी और बेदराम पटेल का सराहनीय योगदान रहा।










