"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

चतुर्थ छत्तीसगढ़ योगासन प्रतियोगिता में पाटन के खिलाड़ियों का जलवा, तुलाराम वर्मा सहित खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक

रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 250 खिलाड़ियों ने दिखाया योग कौशल, मर्रा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया क्षेत्र का मान

Kpn24.com पाटन 03 नवंबर 2026

रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित बुद्ध विहार में यूथ एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ छत्तीसगढ़ योगासन प्रतियोगिता में पाटन विकासखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लगभग 250 खिलाड़ियों के बीच मर्रा के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में योग प्रशिक्षक ज्योति साहू शामिल हुईं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक, रिदमिक एवं आर्टिस्टिक योगासन विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मर्रा के खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता में मर्रा के खिलाड़ियों ने शानदार उपलब्धि हासिल की। वरिष्ठ पुरुष वर्ग (65 से 75 वर्ष) की ट्रेडिशनल योगासन स्पर्धा में तुलाराम वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता।
वहीं सब जूनियर बालिका वर्ग (6 से 12 वर्ष) की रिदमिक पेयर स्पर्धा में मोक्षिता साहू एवं मानवी धीवर की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा बालक वर्ग (6 से 12 वर्ष) की आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में प्राथमेश कुमार वर्मा ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन का मिलेगा अवसर
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य योगासन को खेल के रूप में बढ़ावा देना तथा युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और एकाग्रता की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति कुंभारे, भीष्म कुमार साहू, चितरंजन साहू, रश्मि वर्मा एवं गजेंद्र ने किया। आयोजन को सफल बनाने में अन्य सदस्यों का भी विशेष सहयोग रहा। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच धीरेन्द्र वर्मा के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण को दिया।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जताई खुशी
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला आयुष अधिकारी दुर्ग डॉ. दिनेश चंद्रवंशी, डॉ. अनीता साहू, भारत लाल ताम्रकार, विकासखंड पाटन के खेल प्रभारी संतोष यादव एवं लालाराम वर्मा सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मर्रा के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उचित मार्गदर्शन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास से ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं भी राज्य स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More