
16 एकड़ में तैयार हुआ हरित पार्क, 2,500 से अधिक पीपल और 500 से ज्यादा स्थानीय प्रजातियों के पौधे बने आकर्षण का केंद्र; भावी पीढ़ियों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की देगा प्रेरणा
Kpn24.com रायपुर 3 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्क में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और भावी पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल के पौधे और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। यह पार्क आने वाले समय में हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा
‘पीपल सिटी’ के रूप में विकसित होगा नवा रायपुर
नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में विकसित भारत संकल्प पार्क एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यहां हरियाली के विस्तार के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति नागरिकों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया है।
‘पीपल के लिए लोग’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी
नवा रायपुर में चलाए जा रहे ‘पीपल के लिए लोग’ अभियान का उद्देश्य केवल पौधरोपण करना नहीं, बल्कि लोगों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए भी प्रेरित करना है। इसी सोच के साथ विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के केंद्र के रूप में तैयार किया गया है।
इस पहल के माध्यम से पीपल के प्रति लोगों की सांस्कृतिक आस्था को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आधुनिक शहरी विकास के साथ हरियाली का विस्तार इस परियोजना की प्रमुख विशेषता है।
कई मंत्री रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
विकसित भारत संकल्प पार्क केवल एक उद्यान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर उभरेगा।










