Kpn24.com रायपुर 04 नवंबर 2026
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड के नाम पर फर्जीवाड़ा करने और कथित तौर पर खुद को पदाधिकारी बताकर पद बांटने का एक गंभीर मामला सामने आया है। इस पूरे फर्जीवाड़े पर कड़ा रुख अपनाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा ने रायपुर प्रवास के दौरान एक तीखी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट किया है।
अधिकृत सूची जारी, सिर्फ यही नाम हैं मान्य
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र नरसिंह राणा ने दो-टूक शब्दों में कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड में विशेष आमंत्रित सदस्यों के रूप में केवल अधिकृत सूची वाले लोग ही शामिल हैं। इनके अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति को संगठन में कोई पद नहीं दिया गया है।
अधिकृत सूची में शामिल नाम इस प्रकार हैं:
- राजकुमारी विजय श्री सिंह
- श्री भूपेश वैष्णव
- श्री गौरव गुप्ता
- श्रीमती विद्या सिदार
- श्रीमती सोन बाई कुर्रे
- श्रीमती ईशा टंडन
- राजमाता श्रीमती कुमुदिनी सिंह
फर्जी नियुक्तियों से संघ का कोई लेना-देना नहीं
प्रदेश अध्यक्ष ने खुलासा किया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कुछ अवांछित लोग खुद को फर्जी तरीके से ‘विशेष आमंत्रित’ या ‘महामंत्री’ बताकर भोले-भाले लोगों को संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्त कर रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे फर्जी लोगों और उनके द्वारा किए जा रहे किसी भी पद वितरण से भारतीय आदिम जाति सेवक संघ छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड का दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है।
भविष्य की नियुक्तियों पर कड़े नियम
रण राणा ने साफ कर दिया कि भविष्य में छत्तीसगढ़ स्टेट बोर्ड के अंतर्गत किसी भी व्यक्ति का पदांकन (Appointment) पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत होगा—यानी प्रदेश अध्यक्ष की अनुशंसा और राष्ट्रीय अध्यक्ष के अनुमोदन के बाद ही कोई नियुक्ति वैध मानी जाएगी। प्रक्रिया को ताक पर रखकर की गई हर नियुक्ति अवैध होगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सख्त, होगी कानूनी कार्रवाई
संगठन के नाम, पदनाम और पहचान का अनधिकृत इस्तेमाल किए जाने का मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुंच गया है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गहरी नाराजगी जताई है।
प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो लोग भी संगठन के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं और फर्जीवाड़ा फैला रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजन और कार्यकर्ताओं से अपील
प्रदेश अध्यक्ष कुंवर जितेंद्र नरसिंह राणा ने संगठन से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के दावों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। कोई भी पद या नियुक्ति स्वीकार करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।










