"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जशपुर में शुरू हुआ हेलमेट बैंक, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ; जरूरतमंदों को मिलेंगे 1000 हेलमेट

जशपुर पुलिस की अनूठी पहल, बिना हेलमेट घर से निकलने वालों को मिलेगी अस्थायी सुविधा; मुख्यमंत्री बोले– सड़क सुरक्षा स्वयं और परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी

kpn24.com जशपुर, 4 नवंबर 2026

सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जशपुर पुलिस ने एक नई पहल शुरू की है। जशपुर पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस बैंक में एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। अब जरूरत पड़ने पर बिना हेलमेट घर से निकलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से हेलमेट उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं और अपने परिवार के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सफर करते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
एक छोटी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग ऐसी दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी एक छोटी सी सावधानी न केवल हमारी जिंदगी बचा सकती है, बल्कि परिवार को भी बड़े दुख से बचा सकती है।
कैसे काम करेगा हेलमेट बैंक?
जशपुर पुलिस की इस पहल की खास बात यह है कि यदि कोई नागरिक किसी जरूरी काम से अचानक घर से निकलता है और उसके पास हेलमेट नहीं है, तो वह हेलमेट बैंक से अस्थायी रूप से हेलमेट ले सकेगा। अपना जरूरी काम पूरा करने के बाद उसे स्वयं का हेलमेट लेकर आना होगा और पुलिस से प्राप्त हेलमेट वापस जमा करना होगा।
इसके साथ ही संबंधित नागरिक को सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे से सेवा कार्य में भी पुलिस का सहयोग करना होगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को दंडित करना नहीं, बल्कि उनमें हेलमेट पहनने की नियमित आदत विकसित करना है।
बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी शुरू किया है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन जब्त किया जा रहा है। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस का लक्ष्य है कि जिले में दोपहिया वाहन से सफर करने वाला प्रत्येक व्यक्ति हेलमेट का उपयोग करे। इसी उद्देश्य से ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जनभागीदारी से सड़क सुरक्षा का संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि जशपुर पुलिस की यह पहल जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More