
Kpn24.com रायपुर 06 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में राहत भरी खबर है। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राज्य मंत्रिपरिषद ने शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के बाद कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री निवास में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। साथ ही फेडरेशन की ओर से आयोजित होने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
गंभीर बीमारी और आपातकालीन उपचार में मिलेगी बड़ी राहत
फेडरेशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय सेवकों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है। अब इस सुविधा की मंजूरी से लाखों कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।
खासकर गंभीर बीमारी, दुर्घटना और आकस्मिक चिकित्सा परिस्थितियों में कर्मचारियों को उपचार के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने की चिंता से राहत मिलेगी। अब चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए लंबी प्रक्रिया और आर्थिक इंतजाम की परेशानी भी कम होने की उम्मीद है।
फेडरेशन ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह निर्णय शासकीय कर्मचारियों के स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा और संकट के समय आर्थिक दबाव कम होगा।
इस दौरान पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा एवं संतोष कुमार वर्मा सहित फेडरेशन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।










