
79.38 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजना से 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि होगी सिंचित, खरीफ के साथ रबी फसल को भी मिलेगा बढ़ावा
kpn24.com जशपुर/रायपुर 9 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के किसानों की समृद्धि और कृषि विकास को नई गति देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक बड़ा कदम उठाया है। जशपुर जिले के बगिया स्थित कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री ने 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के साथ 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ने का काम करेगी।
किसानों को अब मौसम की मार से मिलेगी राहत
खेती-किसानी में सिंचाई की सुविधा किसी वरदान से कम नहीं होती। अब तक वर्षा पर निर्भर रहने वाले किसानों के लिए बगिया बैराज परियोजना नई उम्मीद बनकर सामने आई है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद किसानों को खरीफ के साथ रबी की फसल के लिए भी पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे किसान एक वर्ष में एक से अधिक फसल लेकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसानों को सालभर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
मोबाइल से संचालित होगी आधुनिक सिंचाई व्यवस्था
बगिया बैराज सिंचाई परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक आधारित संचालन प्रणाली है। इस परियोजना के तहत सिंचाई व्यवस्था को मोबाइल माध्यम से संचालित किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित इस प्रकार की यह पहली परियोजना है।
इस तकनीक से जल प्रबंधन अधिक सुविधाजनक, प्रभावी और व्यवस्थित होगा। किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराने के साथ सिंचाई व्यवस्था में आधुनिकता का नया आयाम जुड़ेगा।
मैनी नदी पर होगा बैराज का निर्माण
बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित कुल 13 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।
परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति प्राप्त होगी।
किसान परिवारों की खुशहाली की मजबूत आधारशिला
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध हों, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो।
बगिया बैराज सिंचाई परियोजना जशपुर जिले के कृषि क्षेत्र में बदलाव की नई शुरुआत मानी जा रही है। आने वाले समय में यह परियोजना किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, बहुफसली खेती को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण विकास को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।










