"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सपत्नीक की गौमाता की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

किसानों के खेत-खलिहान धन-धान्य से परिपूर्ण रहें, हर परिवार में सुख-समृद्धि आए – मुख्यमंत्री

KPN24.com रायपुर, 10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की सनातन संस्कृति, गौसेवा और प्रकृति के प्रति आस्था के पावन संगम गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ गौमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निवास में धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय के साथ गौमाता का पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गौमाता को तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की तथा भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ के किसानों के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से भरे रहें और प्रदेश विकास, समृद्धि एवं खुशहाली के नए आयाम स्थापित करता रहे।

प्रकृति, गौवंश और कृषि संस्कृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता का पावन प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश देती है, जो आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और सामाजिक जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और समस्त जीव-जगत के संरक्षण के प्रति हमारी संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।

एकजुटता और लोककल्याण का संदेश देती है गोवर्धन पूजा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें यह सीख देती है कि मानव जीवन की वास्तविक समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन, सहयोग और सहअस्तित्व में निहित है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा करने की पौराणिक कथा समाज को संकट के समय एकजुट रहने, परस्पर सहयोग करने और लोककल्याण के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में रची-बसी है गौसेवा की परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति में गौवंश, खेती-किसानी और प्रकृति के प्रति गहरी आस्था सदियों से विद्यमान है। गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाने वाला गौरा-गौरी पर्व प्रदेश की समृद्ध लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि ऐसे पावन पर्व हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौमाता से प्रार्थना की कि छत्तीसगढ़ का प्रत्येक परिवार सुखी एवं समृद्ध रहे, किसानों को भरपूर फसल प्राप्त हो तथा प्रदेश निरंतर विकास और खुशहाली की राह पर आगे बढ़ता रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More