
12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनी पांच मंजिला पार्किंग में एक साथ खड़ी होंगी 80 कारें, शटल तकनीक से बिना चालक के तय स्थान पर पहुंचेगी गाड़ी
Kpn24.com बिलासपुर 16 नवंबर 2026
शहरों में बढ़ते यातायात दबाव और पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने आधुनिक अधोसंरचना की दिशा में एक बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड परिसर में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित स्वचालित बहुमंजिला कार पार्किंग का लोकार्पण किया।
लगभग 12 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक पार्किंग में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इसके शुरू होने से पुराने बस स्टैंड और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से परिपूर्ण बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच यातायात और पार्किंग की चुनौतियों का समाधान आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमित जगह में अधिकतम वाहनों की पार्किंग की सुविधा देने वाली यह परियोजना शहरी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पांच मंजिलों में 80 कारों की पार्किंग, तकनीक संभालेगी पूरा संचालन
बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा विकसित इस पांच मंजिला पार्किंग भवन में प्रथम से चौथे तल तक प्रत्येक मंजिल पर 20 कारों को खड़ा करने की व्यवस्था की गई है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि वाहन चालक को अपनी कार लेकर मंजिलों पर जाने या पार्किंग की जगह तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
शटल रोबोट करेगा कार पार्क, बटन दबाते ही वापस मिलेगी गाड़ी
इस पार्किंग में इस्तेमाल की गई शटल तकनीक इसे खास बनाती है। वाहन चालक को भूतल पर निर्धारित प्रवेश स्थल पर अपनी कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद स्वचालित नियंत्रण प्रणाली कार को एलिवेटर के माध्यम से संबंधित मंजिल तक पहुंचाएगी और रोबोटिक शटल उसे निर्धारित स्थान पर सुरक्षित पार्क कर देगी।
जब वाहन चालक को अपनी कार वापस चाहिए होगी, तो अनुरोध करते ही स्वचालित प्रणाली कार को पार्किंग स्थल से निकालकर भूतल स्थित निकास द्वार तक पहुंचा देगी। यानी अब पार्किंग के लिए जगह तलाशने और संकरी जगहों में वाहन लगाने की मशक्कत से छुटकारा मिलेगा।
सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम, एक घंटे में 60 वाहनों के संचालन की क्षमता
परियोजना में दो वाहन एलिवेटर, दो प्रवेश और दो निकास स्थल बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए अग्नि पहचान एवं अग्निशमन प्रणाली, विद्युत बैकअप तथा स्वचालित नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था की गई है। परियोजना के निर्धारित डिजाइन के अनुसार यह प्रणाली एक घंटे में लगभग 60 वाहनों के संचालन की क्षमता रखती है।
पुराने बस स्टैंड क्षेत्र को मिलेगी जाम से राहत
पुराना बस स्टैंड और आसपास का व्यावसायिक क्षेत्र लंबे समय से पार्किंग और यातायात दबाव की समस्या से जूझता रहा है। ऐसे में इस आधुनिक पार्किंग सुविधा के शुरू होने से सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम बनने की उम्मीद है। यह परियोजना बिलासपुर को आधुनिक स्मार्ट शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
लोकार्पण समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला एवं धरमलाल कौशिक, महापौर पूजा विधानी तथा क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।










