
कटाई के बाद खुले में रखी धान की फसल को तिरपाल से ढकने की सलाह, नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर बीमा कंपनी को देनी होगी सूचना
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 20 नवंबर 2026
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से असामयिक बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए खेतों में खड़ी धान की फसल से लेकर कटाई के बाद खेतों और खलिहानों में रखी उपज तक पर नुकसान का खतरा मंडराने लगा है। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह जारी की गई है।
किसानों से कहा गया है कि कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को जल्द से जल्द ऊंचे और सूखे स्थान पर सुरक्षित रखें। फसल को पॉलिथीन अथवा तिरपाल से अच्छी तरह ढकें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से उपज को नुकसान न पहुंचे। मौसम साफ होने के बाद भीगी हुई धान की फसल को धूप में फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं, जिससे नमी कम हो और फफूंदी लगने की आशंका समाप्त हो सके। वहीं, खेतों में पानी भरने की स्थिति में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने की भी सलाह दी गई है।
फसल बर्बाद हुई तो 72 घंटे का समय बेहद अहम
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों के लिए नुकसान की सूचना देने की समय-सीमा बेहद महत्वपूर्ण है। चक्रवाती तूफान और असामयिक वर्षा के कारण बीमित फसल को नुकसान होने पर किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना दर्ज करानी होगी।
इसके लिए किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। किसान संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को भी नुकसान की जानकारी दे सकते हैं।
सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल क्षति का सर्वेक्षण कराएगी। इसके आधार पर पात्र किसानों को योजना के प्रावधानों के अनुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सकेगा।
लापरवाही पड़ सकती है भारी, समय रहते संभालें फसल
मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए किसानों से अपील की गई है कि वे धान की फसल को खुले में असुरक्षित न छोड़ें और बारिश से बचाव के सभी जरूरी इंतजाम करें। फसल को नुकसान पहुंचने की स्थिति में 72 घंटे की निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।










