
फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम, चोरी गया बुलेट कैमरा घर से बरामद
kpn24.com जांजगीर-चांपा 21 नवंबर 2026
जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में मुर्गियां और सीसीटीवी कैमरा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया बुलेट सीसीटीवी कैमरा बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी इलियास खान (24 वर्ष) ने 18 नवंबर 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 नवंबर की रात करीब 12:40 बजे अज्ञात व्यक्ति उसके देशी फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर 8 से 10 मुर्गियां और बाहर लगा एक सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गया। चोरी की यह वारदात फार्म हाउस में लगे अंदरूनी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
प्रार्थी की शिकायत पर नवागढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 283/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) एवं 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने संदेही थानेदार सारथी (47 वर्ष), निवासी नवागढ़ डीहपारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने अपने बयान में बताया कि चोरी की गई दो मुर्गियां खा चुका है और उनके पंख तालाब में फेंक दिए हैं, जबकि चोरी किया गया बुलेट कैमरा अपने घर में छिपाकर रखा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 4 हजार रुपये कीमत का बुलेट सीसीटीवी कैमरा बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को 21 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेएमएफसी न्यायालय नवागढ़ के समक्ष पेश किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे, आरक्षक श्याम शांते और आरक्षक देवराज लसार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










