"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी पर पुलिस का शिकंजा, शराब के नशे में दिया था घटना को अंजाम

पूर्व पत्नी की मृत्यु और अपनी बीमारी से था परेशान, भगवान बजरंगबली को मानने लगा था जिम्मेदार; सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 21 नवंबर 2026

धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़े मामले में मुलमुला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान छोटू निर्मलकर (28 वर्ष), निवासी ग्राम नरियरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को ग्राम नरियरा में बजरंगबली की मूर्ति तोड़े जाने की घटना सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में मुलमुला पुलिस ने जांच तेज कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।

पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि वह पहले भगवान बजरंगबली का भक्त था, लेकिन पूर्व पत्नी की मृत्यु और खुद की शारीरिक बीमारी से परेशान होकर भगवान के प्रति नाराजगी रखने लगा था। वह अपनी जिंदगी में आई इन परेशानियों के लिए भगवान बजरंगबली को जिम्मेदार मानने लगा था। इसी गुस्से में शराब के नशे में उसने मूर्ति तोड़ने की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने विधिवत उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में मुलमुला थाना प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More