"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

तीन दशक में पहली बार डेढ़ करोड़ का ईनामी नक्सली हुआ ढेर -अमित शाह

KPN24:- नक्सलियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में चल रहे अभियान में 1.5 करोड़ के इनामी समेत 27 नक्सलियों के ढेर किए जाने पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि 3 दशक में ऐसा पहली बार हुआ है जब नक्सलियों का इतना बड़ा नेता मारा गया है।

गृहमंत्री ने कहा कि नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू नक्सल आंदोलन की रीढ़ की हड्डी था। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करने का लक्ष्य तय किया है। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर-बीजापुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने बुधवार को मुठभेड़ में 27 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनमें बड़ा नक्सली नेता बसवराजू भी शामिल है। गृहमंत्री अमित शाह ने इस ऑपरेशन को नक्सलवाद को खत्म करने की जंग में यह एक बड़ी सफलता बताया। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को देश से पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा, ‘नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में यह एक ऐतिहासिक सफलता है। आज छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक ऑपरेशन में हमारे सुरक्षाबलों ने 27 खतरनाक माओवादियों को मार गिराया, जिनमें सीपीआई-मोआवादी का सबसे बड़ा नेता और नक्सल आंदोलन की रीढ़ की हड्डी नंबाला केशव राव उर्फ बसवराजू भी शामिल है।’

शाह ने आगे कहा,’नक्सलवाद के खिलाफ तीन दशक की लड़ाई में यह पहली बार है जब महासचिव स्तर का नेता सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया है। मैं इस बड़ी सफलता के लिए हमारे सुरक्षाबलों और एजेंसियों को बधाई देता हूं।’ गृहमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के पूरा होने के बाद छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 54 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और 84 ने सरेंडर किया है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More