
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर
KPN24:- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले का नाम इन दिनों बकरा ईद पर्व के लिए हर साल लगने वाले पशु बाजार को लेकर दूर-दूर तक चर्चाओं में है। यहां के बकरों की मांग पड़ोसी जिले खंडवा और जलगांव तक ही नहीं बल्कि इंदौर, भोपाल, हैदराबाद, मुंबई और गुजरात तक पहुंची है। इन राज्यों और शहरों से बड़ी संख्या में लोग बकरा ईद के लिए कुर्बानी के लिए बकरे खरीदने आ रहे है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को बकरा ईद मनाई जाना है। जिसके चलते शहर के पाला बाजार में पशु बाजार लगाया जा रहा है। जहां हजारों की संख्या में बकरे खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे है। बकरा व्यापारियों की माने तो बुरहानपुर के बकरों की गुजरात, हैदराबाद और मुंबई सहित प्रदेशभर के अन्य शहरों तक में बड़ी मांग है।
12 हजार से सवा लाख तक का बकरा
बता दें कि बुरहानपुर के बरबरी और पहाड़ी बकरों की इस बाद बड़ी मांग है। बकरा विक्रेताओं की माने तो जिले में इस बार देसी, पहाड़ी और बरबरी बकरों की मांग बीते सालों की तुलना में बढ़ गई है और देसी बकरा खरीदने के लिए लोग कई राज्यों और शहरों से बकरा खरीदने के लिए बुरहानपुर आ रहे है। इस बाजार में 12 हजार से लेकर लाख-सवा लाख तक के बकरे बिकने को तैयार है।
30 सालों से लग रहा पशु मेला
जानकारी के अनुसार शहर के इकबाल चौक पाला बाजार में करीब 30 सालों से भी ज्यादा समय से पशु बाजार लगता आ रहा है। यहां के बकरों के देशभर के कई राज्यों में खासी मांग है। ऐसा माना जाता है कि यहां के पशु विक्रेता ईद के लिए कुछ बकरों को विशेष रुप से पाल कर तैयार करते है। उनका खान-पान भी विशेष तरह का होता है। इसलिए उनकी कीमतें आसमान छूती है।
सवा लाख के बकरे को देखने उमड़ रही भीड़
शहर के अकबरी सराय क्षेत्र के पशु पालक शाहिद खान का एक बकरा इन दिनों चर्चा का केंद्र है। शाहिद खान अपने खास नस्ल के बकरे को बाजार में लेकर पहुंचे तो लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खान ने बताया कि यह बकरा तोता परी हैदराबादी नस्ल का है। जिसकी ऊंचाई और खूबसूरती ने सभी को आकर्षित किया। शाहिद खान ने बताया कि उन्होंने इस बकरे को दो साल में तैयार किया है। इसके लिए अब तक 95 हजार रुपये तक की बोली लग चुकी है लेकिन शाहिद इसे सवा लाख रुपये से कम में बेचने को तैयार नहीं हैं।










