
KPN24 :- जांजगीर-चांपा में शक्ति अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय महिला बूट कैंप का आयोजन जांजगीर में किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व शक्ति अभियान की ज़ोनल कोऑर्डिनेटर सुश्री मनोरमा पाटेकर द्वारा किया गया, जिसमें जांजगीर, चांपा, अकलतरा और बिलासपुर से आईं 200 से अधिक महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हर्बंश एवं जांजगीर विधायक व्यास कश्यप उपस्थित रहे। इनके साथ सेवादल महिला प्रमुख श्रीमती मंजुलता और शक्ति अभियान की राष्ट्रीय संयोजक सुश्री अवंतिका ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हर्बंश ने कहा कि “महिलाओं की यह संगठित ऊर्जा हमारे समाज और राजनीति में बदलाव की असली ताकत है। मैं हर कदम पर आप सभी के साथ हूं।”
जांजगीर विधायक व्यास कश्यप ने शक्ति क्लबों की कार्यक्षमता और संगठनात्मक मज़बूती के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा “प्रत्येक शक्ति क्लब को हर वर्ष ₹5000 की सहायता राशि दी जाएगी, जिससे ये महिलाएं अपने क्षेत्र में और अधिक प्रभावीशाली कार्य कर सकें।”
शक्ति अभियान की राष्ट्रीय संयोजक सुश्री अवंतिका ने महिला नेतृत्व की आवश्यकता पर ज़ोर देते हुए कहा “यह समय है एक मजबूत महिला-केंद्रित आंदोलन खड़ा करने का है ताकि सत्ता के हर स्तर पर समानता सुनिश्चित की जा सके। हमारा संघर्ष सिर्फ आरक्षण का नहीं, प्रतिनिधित्व का है।”
कार्यक्रम में महिला प्रतिभागियों के लिए लीडरशिप, संगठन निर्माण, राजनीतिक अधिकारों एवं स्थानीय शासन प्रणाली से जुड़े प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। कैंप के अंत में महिलाओं ने अपने गांवों में महिला सशक्तिकरण के लिए सक्रिय अभियान चलाने का संकल्प भी लिया गया।










