"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

“आखरी बार देख लो” और सुबह पेड़ पर रस्सी से लटकी मिली युवक की लाश

KPN24:- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम बोतली में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है इस घटना में मृतक का नाम सांझी लाल राठिया (उम्र 19 साल) पिता रायसिंह राठिया बताया जा रहा है, जिसकी लाश उसके घर से 200 मीटर की दूरी पर मौजुद उसी के खेत के महुआ पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली। 

घटना की सूचना पर करतला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई साजिश है।

जानकारी के मुताबिक, मृतक सांझी की मां का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया, जिसके बाद से वह परिवार की जिम्मेदारी और खेती-किसानी का पूरा भार अकेले संभाल रहा था। परिजनों के अनुसार, सांझी रात को खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था। सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो वह कमरे में नहीं मिला। पहले उन्होंने सोचा कि वह खेत पर काम करने गया होगा, लेकिन कुछ ही देर में गांव के कुछ लोग जब जंगल की ओर डोरी तोड़ने जा रहे थे, तो उनकी नजर एक युवक के शव पर पड़ी जो महुआ के पेड़ से लटका हुआ था।

रस्सी से बंधा हुआ था दाहिना हाथ
जब ग्रामीण पास पहुंचे तो पाया कि शव सांझी लाल राठिया का ही है। और उसका दाहिना हाथ रस्सी से बंधा हुआ था, और यह रस्सी भुजा से होती हुई पेड़ की शाखा से बंधी थी। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हुआ, लेकिन शव की स्थिति देखकर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से बरामद हुआ है। मोबाइल की जांच में पता चला है कि रात लगभग 3:30 बजे युवक ने अपना स्टेटस अपडेट किया था, जिसमें उसने लिखा था – “आखिरी बार देख लो”। इस स्टेटस को उसके दोस्तों ने भी देखा और उस पर प्रतिक्रिया दी थी।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल के डिजिटल डेटा और संदिग्ध परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More