
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर
KPN24:- पहली बार शहर में शनिवार शाम को इस्कॉन संस्था ने भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली। जिसमें सैकड़ों की संख्या में पहुंचे महिला, पुरुष और बच्चों ने रथ खींचते हुए जय जगन्नाथ के जयघोष लगाकर स्वयं को धन्य किया। यह रथ यात्रा बहादरपुर रोड़ स्थित सीके ग्रेंड कॉलोनी से निकलकर इंदिरा कॉलोनी तिराहा, सिंधी बस्ती चौक होते हुए शनवारा वाड़ी पहुंची। जहां इस यात्रा का समापन किया गया।
बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभवनामृत संघ इस्कॉन ने शहर में पहली बार भगवान जगन्नाथ भव्य रथयात्रा का आयोजन किया। इसको लेकर उनके अनुयायियों में खासा उत्साह देखा गया। उल्लेखनीय है कि इस रथयात्रा के आयोजन की तैयारी कई दिनों से की जा रही थी। इसमें सभी अनुयायी पारंपरिक वेशभुषा और भक्ति पूर्ण माहौल में शामिल हुए। इसमें महिलाएं ज्यादातर पीली साड़ी में तो पुरुषों को सफेद पायजामा कुर्ता पहने देखा गया। यात्रा में अनुयायी भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा के दिव्य विग्रह के साथ भक्ति रथ के दर्शन कर उसे खींचते देखे गए। पूरी यात्रा में जय जगन्नाथ गूंजता रहा।
इस्कॉन के बुरहानपुर संस्था प्रमुख हिमांग निमाई दास प्रभु ने बताया कि संस्था के द्वारा बुरहानपुर में पहली बार भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का सफल आयोजन किया गया। इसमें अनुयायियों सहित शहर ने भरपूर सहयोग और स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद की प्रेरणा से किया गया। श्रद्धालु डॉ.राजेंद्र सिंघल, सौरव अग्रवाल और विवेक कोचर ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान पूरे यात्रा मार्ग में भक्तों को प्रसादी और शीतल पेय का वितरण किया गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।










