
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर
KPN24:- शहर सहित आसपास फैली ऐतिहासिक और पर्यटन की धरोहरों के कारण बुरहानपुर किसी पहचान का मोहताज नहीं है लेकिन उपलब्धियों की इस श्रृंखला में अब मोहना संगम का नवीन स्वरुप और बढ़ोतरी करने वाला है। यहां करोडों रुपए की लागत से नवीनीकरण और निर्माण कार्य चल रहा है। जिसके बाद शहर सहित जिले को धार्मिक पर्यटन में एक नई पहचान भी मिलेगी।
बता दें कि ताप्ती और मोहना नदी के संगम के मनमोहक नजारे के कारण इस स्थान की पहचान मोहना संगम के नाम से है। मोदी सरकार की मंशा के अनुसार अयोध्या, उज्जैन महाकाल कॉरिडोर और ओंकारेश्वर-महेश्वर की तरह यहां बने प्राचीन संगमेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र को भी राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन स्थल के रुप में विकसित करने की मंशा बना चुकी है और इसके लिए करीब साढ़े आठ करोड़ की लागत से डेढ़ साल पहले निर्माण कार्य शुरु भी कर दिया गया था जो काफी हद तक पूरा भी हो चुका है। संगम तट पर घाट और सीढिय़ों का निर्माण हो चुका है जबकि धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के लिए डोम भी बनकर तैयार है।
पहूंच मार्ग भी सुधारने की दरकार

मंदिर और धार्मिक पर्यटन के लिए तो करोड़ों की स्वीकृति और काम भी होने लगा है लेकिन यहां तक पहुंच मार्ग बदहाल है बोहरडा मार्ग से जुडऩे वाले पहुंच मार्ग का निर्माण धीमी गति से होने के कारण भक्तों को मंदिर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पूरी सडक़ का निर्माण किया जाना जरुरी है, जिससे यहां स्थानीय और बाहरी श्रद्धालु आसानी से पहुंच सकें। बता दें कि इस रोड पर कई कालोनियां और रहवासी मकान भी बने है। जहां के कई श्रद्धालु नियमित रुप से हर सोमवार और तीज त्यौहार पर मंदिर जाते है। श्रद्धालु संध्या कदवाने ने बताया कि वे परिवार सहित अक्सर मंदिर जाती है और उनके कई पारिवारिक आयोजन मोहना संगम पर होते है। ऐसे में मंदिर तक आने-जाने में जर्जर रास्ते के कारण काफी असुविधा होती है।
मनोरंजन पर भी होगी नजर
मोहना संगम तट के विस्तार और विकास के साथ ही घाट निर्माण, सुंदर पार्क और पाथ-वे का निर्माण कराया जाएगा। यहां बोटिंग की सुविधा पर भी विचार किया जा रहा है। मंदिर आने वाले भक्तों को शुद्ध पेयजल से लेकर पूजन सामग्री और केंटिन आदि के लिए दुकानों का निर्माण भी होना है। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने निर्माण एजेंसी को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। क्योंकि धार्मिक पर्यटन विकास के लिए यह राशि सांसद के प्रयास से ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने विशेष अनुदान के रुप में स्वीकृत की है। सांसद ने कहा है कि आने वाले समय में यह स्थल धार्मिक पर्यटन स्थल के रुप में जिले में अलग पहचान बनाएगा। भाजपा सरकार लगातार धार्मिक स्थलों का विकास कर रही है। उन्होंने बताया कि विकसित होने वाले पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, फिसलपट्टी सहित अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। पहूंच मार्ग में रोशनी का प्रबंध भी किया जाएगा। जिससे शाम के समय भी शहर के लोग वहां आसानी से आवागमन कर सकें। प्राचीन मंदिर के ऊपरी हिस्से को भी नए सिरे से संवारा जा रहा है।










