"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के पति की गैंती मारकर की हत्या

शैलेन्द्र कुमार सोनी बलौदा 

KPN24:- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के कोटमीसोनार में बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड के पति को गैंती से वार कर मार डाला। मर्डर के वक्त मृतक की पत्नी भी मौजूद थी। चेहरे और सीने पर गंभीर चोट के निशान हैं। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम अमरनाथ केवट (37) है। वह कोटमीसोनार गांव का रहने वाला है। वहीं अमरनाथ केवट की पत्नी का बॉयफ्रेंड युवराज केवट रिश्तेदार है। वह मुंगेली जिले के महुआकापा गांव का रहने वाला है। वह पेशे से राज मिस्त्री है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, शनिवार को अमरनाथ केवट और उसकी पत्नी ईश्वरी केवट (32) घर पर ही थे। दोपहर 2 बजे ईश्वरी केवट का प्रेमी युवराज केवट स्कूटी से उसके घर पहुंचा। इस दौरान युवराज केवट ने अमरनाथ केवट पर घर में रखे गैंती (मिट्टी खुदाई करने का औजार) से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।

चेहरे और सीने पर हमले के बाद अमरनाथ केवट जोर से चिल्लाया। शरीर पर गैंती धसने के निशान हैं। चीखें सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची। अमरनाथ केवट खून से सना हुआ था। फर्श पर और दीवारों पर खून के छीटें थे। यह देखकर अमरनाथ की मां घबरा गई। मौका देखते ही युवराज केवट भाग निकला।

इलाज के दौरान अमरनाथ ने तोड़ा दम

इसके बाद अमरनाथ की मां ने आस पड़ोस के लोगों को सूचना दी। पड़ोसियों की मदद से अमरनाथ को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि ईश्वरी केवट और उसके प्रेमी युवराज केवट के बीच पिछले एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले ईश्वरी अपने प्रेमी के घर रहने भी चली गई थी, लेकिन 22 जुलाई को वह कोटमीसोनार गांव वापस लौट आई थी। पांच दिन वह पति के साथ रही।

घटनास्थल से गैंती जब्त, प्रेमी-प्रेमिका हिरासत में

वारदात की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन शुरू की। मृतक के घर से हत्या में इस्तेमाल गैंती बरामद की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

अकलतरा सीएसपी कविता ठाकुर ने बताया कि वारदात के बाद प्रेमी युवराज बिलासपुर भाग गया था, जिसे रविवार को पुलिस ने पकड़ लिया है। वहीं मृतक की पत्नी ईश्वरी को भी हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग का मामला लग रहा है। हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पूछताछ की जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More