"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

डी.ए.पी. के विकल्प के रूप में वैकल्पिक खाद का है पर्याप्त भण्डारण

KPN24:- सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने खरीफ सीजन 2025 के लिए जिले में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु कृषि विभाग, सहकारिता विभाग एवं जिला विपणन अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान ने  बताया कि जिले की 95 सहकारी समितियों में 20,826 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया गया है, जिनमें से अब तक 17,537 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है। खरीफ फसलों हेतु 23,778.30 क्विंटल प्रमाणित बीज का भंडारण किया गया था, जिसका शत-प्रतिशत वितरण किया जा चुका है।

डीएपी की कमी की पूर्ति हेतु वैकल्पिक उर्वरकों का प्रबंध
डीएपी की संभावित कमी को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक उर्वरकों जैसे कि नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, एनपीके (16:16:16), ट्रिपल सुपर फास्फेट (टीएसपी), एवं सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) का पर्याप्त भंडारण किया गया है। 95 सहकारी समितियों के माध्यम से एनपीके का 2000 मी. टन एवं टीएसपी का 100 मी. टन अतिरिक्त भंडारण का लक्ष्य रखा गया है।

गुणवत्ता पर विशेष ध्यान
कलेक्टर श्री तोपनो के निर्देशानुसार खाद की कालाबाजारी और अधिक मूल्य पर विक्रय की रोकथाम के लिए बीज एवं उर्वरक निरीक्षकों को सतत निगरानी रखने और प्रयोगशाला परीक्षण हेतु नमूने भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

अब तक कुल 137 बीज नमूनों में से 07 नमूने अमानक पाए गए, जिनका विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। वहीं, 69 खाद नमूनों में से 01 नमूना अमानक स्तर का पाया गया, जिस पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

जिले में खरीफ वर्ष 2025 के लिए किसानों को खाद व बीज की कोई कमी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही वैकल्पिक खादों के माध्यम से डीएपी की कमी की पूर्ति का भी ठोस प्रबंध किया गया है, जिससे किसानों को उनकी कृषि गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More