"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले में फिर हुई 11 लाख 80 हजार की लूट, बम्हनीडीह थाना क्षेत्र की घटना

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में एक बार फिर संगठित अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है। बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के पूछेली गांव के पास दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन अज्ञात युवकों ने गिरीश देवांगन नामक व्यक्ति से 11 लाख 80 हजार रुपये और एक लैपटॉप लूट लिए और मौके से फरार हो गए। यह वारदात उस वक्त हुई जब गिरीश देवांगन यह रकम बैंक में जमा कराने जा रहे थे।

घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है, लेकिन पुलिस में इसकी रिपोर्ट शाम 5 बजे दर्ज कराई गई, जिससे मामले को लेकर कई सवाल उठ खड़े हुए हैं। चार घंटे की देरी ने न सिर्फ जांच को प्रभावित किया, बल्कि यह संदेह भी उत्पन्न कर दिया है कि कहीं प्रार्थी किसी दबाव में तो नहीं था, या फिर लुटेरों को इतनी बड़ी रकम की जानकारी पहले से कैसे थी?

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है और सवाल भी
👉 इतनी बड़ी लूट के बावजूद सूचना देने में देरी क्यों?
👉 क्या घटना पूर्व नियोजित थी?
👉 और क्या लुटेरों को रकम की जानकारी पहले से दी गई थी?

इस वारदात ने जिले में पूर्व में हुई 78 लाख की शराब भट्टी लूट की याद ताजा कर दी है, जिसे आज तक पुलिस सुलझा नहीं पाई है। इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक लूट और उठाईगिरी के मामले भी लंबित पड़े हैं, जिनमें कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में सघन जांच और नाकेबंदी शुरू कर दी गई है। हालांकि जनता में यह सवाल गूंज रहा है कि क्या यह मामला भी पुराने मामलों की तरह फाइलों में दब जाएगा या फिर इस बार अपराधियों तक पुलिस की पहुंच बनेगी?

अब पुलिस के सामने दोहरी चुनौती है — एक ओर लुटेरों को पकड़ना और दूसरी ओर जनता का खोया हुआ भरोसा फिर से कायम करना।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More