
KPN24 :- सावन के पावन माह में देश के 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किश्त के रूप में 20,500 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के सभागार से किसानों के साथ वर्चुअल कार्यक्रम में जुड़े।
इस योजना के अंतर्गत प्रदेश के 25.47 लाख से अधिक किसानों को 553 करोड़ 34 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का प्रदेश के अन्नदाताओं को आर्थिक सहारा देने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि समृद्ध और खुशहाल किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की स्थिर आधारशिला हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में कहा कि 2019 से अब तक देशभर के किसानों को इस योजना के तहत कुल 3.75 लाख करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में भेजे जा चुके हैं। उन्होंने कृषि विकास को गति देने के लिए ‘प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इसे आगे बढ़ाने हेतु 24 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सिंचाई योजनाओं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण (1.5 करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं) जैसी पहलों पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों के लिए निरंतर समर्पित है और ‘मोदी सरकार’ के वादे के अनुरूप काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है, जो किसानों की आय को बढ़ावा दे रही है। इसके साथ ही 2 वर्ष की बकाया बोनस राशि के रूप में 3716 करोड़ रुपये का भुगतान करके किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दिखाई गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को आसान ऋण देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना को लाभकारी बनाया गया है, जिससे शून्य ब्याज दर पर ऋण मिल रहा है। सिंचाई के क्षेत्र में बस्तर में कई महत्वूपर्ण परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं, जैसे बोधघाट परियोजना और महानदी-इंद्रावती नदी कनेक्शन। दलहन-तिलहन फसलों को बढ़ावा देने और भूमिहीन मजदूरों के लिए भी 10-10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
श्री साय ने खेती के सहायक क्षेत्रों जैसे मत्स्यपालन, दुग्ध उत्पादन, तथा पशुपालन को भी मजबूत करने की बात की। ‘दुधारू पशु वितरण योजना’ छह जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चल रही है, जो दूध उत्पादन को बढ़ावा देगी। साथ ही पारंपरिक अनाजों (मिलेट्स) जैसे कोदो, कुटकी एवं रागी के उत्पादन को प्रोत्साहित कर किसानों को बेहतर बाजार मूल्य दिलाने में मदद की जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार गांव-गांव में अवसंरचना सुधार रही है और किसानों को बिना ब्याज के कर्ज प्रदान कर कृषि को समर्थ बना रही है।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने इस कार्यकम के दौरान बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ के तहत आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर किसानों को प्रेरित कर रही है। इस अभियान में किसानों से व्यापक स्तर पर संवाद कर खेती के नवाचारों को समुचित दिशा दी जा रही है।
कार्यक्रम में हितग्राहियों को कृषि उपकरणों और अनुदान राशि के चेक भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर अनेक विधायकगण, प्रशासनिक अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और विशिष्ट किसान भी उपस्थित थे।










