
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 9 माह पूर्व अपहृत की गई नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2024 को एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट थाना पामगढ़ में दर्ज की गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी भूपेन्द्र कुमार पटेल (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम धाराशिव थाना पामगढ़, ने बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था।
प्रकरण में थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 453/24 धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम का गठन कर राजस्थान के सुल्तानपुर में दबिश दी गई, जहां से अपहृत बालिका को आरोपी के कब्जे से सकुशल बरामद किया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने बालिका को शादी का झांसा देकर भगाने और उसके साथ अनाचार करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी भूपेन्द्र कुमार पटेल के विरुद्ध धारा 137(2), 87, 64, 64(2)(एम), 65(1) बी.एन.एस. व पाक्सो एक्ट की धारा 04, 06 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस सफलता में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोहर लाल सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू, महिला प्रआर मंजू सिंह, आरक्षक महेन्द्र राज, महिला आरक्षक मोनिका जोगी एवं थाना पामगढ़ के अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










