
KPN24 :- छत्तीसगढ़ को रेल सेवाओं के क्षेत्र में आज एक और बड़ी सौगात मिली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन से रायपुर-जबलपुर नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की विशेष पहल के चलते प्रदेश में रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है।
इस शुभारंभ समारोह से गुजरात के भावनगर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मनसुख मांडविया और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली जुड़े। मुख्य समारोह में रीवा-पुणे (हड़पसर) एक्सप्रेस और भावनगर टर्मिनस-अयोध्या एक्सप्रेस का भी शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि रायपुर-जबलपुर ट्रेन सेवा से न केवल छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा आसान होगी, बल्कि इससे व्यापार, पर्यटन और शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि रायपुर से जबलपुर का सफर अब केवल 8 घंटे में पूरा होगा, जिससे डोंगरगढ़, भेड़ाघाट, बालाघाट और नैनपुर जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच और अधिक सहज हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री की पहल पर छत्तीसगढ़ को 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है। पिछले एक दशक में प्रदेश के रेलवे बजट में 21 गुना वृद्धि हुई है। इस साल राज्य को 6,900 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है।” उन्होंने यह भी बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का 680 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प हो रहा है।
बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए श्री साय ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में भी रेलवे विस्तार हो रहा है। रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं क्षेत्र में विकास का नया द्वार खोल रही हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस नई रेलसेवा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के बीच संपर्क को सशक्त बनाने में सहायक होगी। उन्होंने बताया कि ट्रेन 410 किलोमीटर की दूरी को 8 घंटे में तय करेगी और गोंदिया, बालाघाट जैसे शहरों को भी जोड़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में प्रदेश का रेलवे नेटवर्क और अधिक सशक्त होगा।
इस मौके पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और डीआरएम रायपुर दयानंद सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
नई ट्रेन की विशेषताएं:
ट्रेन संख्या 11701 रायपुर से दोपहर 2:45 बजे प्रस्थान कर रात 10:45 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 11702 जबलपुर से सुबह 6:00 बजे चलकर दोपहर 1:50 बजे रायपुर पहुंचेगी।
कुल 15 कोच: 1 एसी चेयर कार, 4 चेयर कार, 8 सामान्य कोच, 1 पावर कार, 1 एसएलआरडी कोच।
प्रमुख पड़ाव: रायपुर, डोंगरगढ़, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर।










