
KPN24:- मध्यप्रदेश के सतना पुलिस ने शनिवार को स्थानीय एक स्कूल के प्रिंसिपल को महिला टीचर से दुष्कर्म करने और उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के सख्त निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता 2023 से आरोपी धीर सिंह (40) के स्कूल में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी। 18 जनवरी 2024 को पीड़िता ने अपनी सहेली को मेहंदी लगवाने के लिए अस्पताल जाने हेतु छुट्टी मांगी थी। आरोपी प्रिंसिपल ने न सिर्फ छुट्टी मंजूर की, बल्कि उसे अपनी कार से अस्पताल छोड़ने के लिए भी तैयार हुआ।
लेकिन महिला के कार में बैठने के बाद धीर सिंह ने रास्ता बदलकर कार को मैहर बायपास होते हुए एक सुनसान इलाके में ले गया। वहां आरोपी ने कार के अंदर ही महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया और इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
फोटोशॉप से ब्लैकमेलिंग, और अश्लील तस्वीरें वायरल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने स्कूल में पीड़िता की सामान्य तस्वीरें खींची थीं। बाद में फोटोशॉप का इस्तेमाल कर इन तस्वीरों को न्यूड फोटोज़ में बदल दिया और इन्हीं के जरिए पीड़िता को बार-बार ब्लैकमेल करता रहा।
शादी के बाद भी आरोपी की गंदी हरकतें थमी नहीं। आरोपी ने पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें उसके पति और ननदोई को व्हाट्सऐप पर भेज दीं। इससे पीड़िता मानसिक रूप से टूट गई और उसने अपने पति को सबकुछ बताया।
आरोपी पहुंचा जेल
पति के सहयोग और विश्वास के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और आरोपी प्रिंसिपल धीर सिंह को शनिवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।










