"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ को रजत जयंती वर्ष में मिलेगा नया विधानसभा भवन – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

KPN24:- छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर नवा रायपुर में निर्मित हो रहा नया विधानसभा भवन जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य के रजत जयंती वर्ष को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण आगामी राज्योत्सव (1 नवम्बर) के अवसर पर प्रस्तावित है। उन्होंने जानकारी दी कि भवन का कार्य निर्धारित समय-सीमा, सितंबर 2025 तक पूर्ण कर लिया जाएगा और इस भव्य संरचना का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से कराने का प्रस्ताव है।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि नवीन भवन के निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सदन कक्ष, अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के कार्यालय, तथा अन्य भागों का अवलोकन किया और संतोष व्यक्त किया कि कार्य तय समय पर पूर्ण होगा।

नवीन विधानसभा भवन का डिज़ाइन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिकता का समन्वय प्रस्तुत करता है। यह भवन कुल 52 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है और इसमें तीन प्रमुख विंग विकसित किए जा रहे हैं:

विंग-ए: विधानसभा सचिवालय,

विंग-बी: मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष कार्यालय, विधानसभा सदन व सेंट्रल हॉल,

विंग-सी: उप मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के कार्यालय।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह भवन केवल एक शासकीय परिसर नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गरिमा और आधुनिक सोच का प्रतीक बनेगा।

इस अत्याधुनिक भवन में 200 विधायकों की बैठक क्षमता के साथ एक 500 सीटों वाला ऑडिटोरियम, 700 वाहनों की पार्किंग सुविधा और दो डेढ़-डेढ़ एकड़ क्षेत्रफल वाले सुंदर सरोवर शामिल हैं। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह परिसर राज्य की पहचान को नई ऊँचाइयाँ देगा और राष्ट्रीय स्तर पर स्थापत्य एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता का उदाहरण बनेगा।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित थे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More