
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा ग्राम भादा, नवापारा, केवा तथा बम्हनीडीह क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण कर अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर शिकंजा कसा गया।
खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम नवापारा स्थित हसदेव नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन करते हुए 03 जेसीबी मशीनें पाई गईं। इन मशीनों को तत्काल जब्त कर कलेक्टोरेट परिसर, जांजगीर में सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा 01 हाईवा वाहन को खनिज रेत की निर्धारित परिवहन क्षमता से अधिक मात्रा में रेत ले जाते हुए पकड़ा गया, जिसे भी जप्त कर लिया गया है।
श्री साहू ने बताया कि जब्त किए गए वाहनों एवं उनके मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री महोबे के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उड़नदस्ता दल द्वारा समय-समय पर छापेमारी की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन व भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










