
KPN24:- सक्ती जिले में आज़ादी की 78वीं वर्षगांठ को स्वच्छता और देशभक्ति के साथ मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ विशेष अभियान का शुभारंभ आज कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन ने संयुक्त रूप से किया।
इस अभियान की शुरुआत कलेक्टर कार्यालय और जिला पंचायत कार्यालय से हुई। इस अवसर पर अधिकारियों ने अभियान की अवधारणा और इसके महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा, “इस पहल का उद्देश्य केवल हर घर पर तिरंगा फहराना नहीं है, बल्कि जल स्रोतों और उनके आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखना भी है, जिससे स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।” उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छता में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और जब हर नागरिक अपने घर, गली, मोहल्ले और जलस्रोतों की सफाई में योगदान देगा, तभी स्थायी परिवर्तन संभव है।
अभियान के तहत 8 अगस्त से 15 अगस्त तक जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और जल गुणवत्ता संरक्षण से जुड़ी गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
सीईओ वासु जैन ने भी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायतों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्वच्छ एवं गर्वपूर्ण स्वतंत्रता दिवस मनाने में योगदान दें।










