
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम कोसा में उस समय लोगों के बीच उत्साह और आश्चर्य का माहौल बन गया जब पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय रक्षाबंधन के पावन अवसर पर अचानक गांव पहुंचे।
कोसा गांव, जहां अकसर छोटे-छोटे मुद्दों को लेकर वाद-विवाद की स्थिति बनती रही है, वहां पिछले दिनों थाना प्रभारी मुलमुला द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बैठक भी आयोजित की गई थी। इसी कड़ी में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा रक्षाबंधन के दिन गांव पहुंचकर हर समाज की महिलाओं से राखी बंधवाकर सामाजिक समरसता का स्पष्ट संदेश दिया गया।
इस अवसर पर श्री पाण्डेय ने ग्रामीणों, विशेष रूप से बच्चों को मिठाई बांटी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि “रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। जब बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती हैं, तो वे केवल एक धागा नहीं, बल्कि रिश्तों की मजबूत डोर में विश्वास पिरोती हैं।”
पुलिस अधीक्षक की इस पहल से ग्रामवासियों में प्रसन्नता का माहौल रहा। सभी वर्गों के लोग एक साथ उत्सव में सम्मिलित हुए, जिससे गांव में आपसी सौहार्द और एकता की भावना और अधिक मजबूत हुई।
यह पहल न सिर्फ एक पर्व को मनाने का तरीका थी, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच भरोसे की डोर को भी और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई है।










