"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अंचल में जोर-शोर से चल रही गणेश प्रतिमा निर्माण की तैयारियां, मूर्तिकार रात-दिन जुटे

KPN24:- आगामी गणेश उत्सव की तैयारी को लेकर अंचल में मूर्तिकारों की व्यस्तता चरम पर है। प्रथम पूज्य भगवान गणेश की प्रतिमाओं को आकार देने में मूर्तिकार दिन-रात जुटे हुए हैं। इस वर्ष गणेश चतुर्थी 27 अगस्त, बुधवार को मनाई जाएगी। हालांकि त्योहार में अभी पखवाड़े भर से अधिक समय शेष है, लेकिन मूर्तिकारों ने प्रतिमा निर्माण के साथ ही रंग-रोगन और सजावट का कार्य भी शुरू कर दिया है।

प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी भाद्रपद शुक्ल पक्ष चतुर्थी से 10 दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। पूजा-अर्चना, रामायण पाठ, भजन कीर्तन, डीजे साउंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

प्रतिमा निर्माण में जुटे कारीगर

बिर्रा अंचल के प्रसिद्ध मूर्तिकार सम्मेलाल कुम्हार (किकिरदा) और रामलखन साहू (सिलादेही) ने बताया कि इस वर्ष रंग, सजावट और अन्य कच्चे माल की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते गणेश प्रतिमाओं की कीमत भी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक रहेगी।

सम्मेलाल कुम्हार ने बताया कि वे हर साल की तरह इस बार भी मिट्टी से गणेश प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। उनका कहना है, “जिस भगवान ने हमें रचा, आज उसी की प्रतिमा को आकार देकर हम अपने परिवार के जीवन यापन का साधन जुटा रहे हैं।”

उनके साथ उनके पुत्र अभिनव कुम्हार और अन्य कारीगर भी प्रतिमा निर्माण में जुटे हैं। बड़ी, मध्यम और छोटी बाल गणेश की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। कुछ प्रतिमाओं की बुकिंग पहले से शुरू हो चुकी है।

मूर्तिकारों ने सरकार से मदद की मांग की

दोनों मूर्तिकारों ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार से आग्रह किया है कि मूर्तिकारों के हित में ठोस कदम उठाए जाएं। महंगाई और सीमित संसाधनों के बीच काम कर रहे इन कलाकारों का कहना है कि यदि सरकारी स्तर पर मदद मिले, तो उनका जीवन अधिक सुरक्षित और सम्मानजनक हो सकता है।

गणेश उत्सव के निकट आते ही पूरे अंचल में पंडाल निर्माण और साज-सज्जा का कार्य भी तेजी से जारी है। श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और मूर्तिकारों की कलात्मकता इस उत्सव को और भी भव्य बनाने में जुटी हुई है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More