
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड के ग्राम बिर्रा और नकटीडीह सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में 10 अगस्त को पारंपरिक आस्था और उत्साह के साथ भोजली पर्व मनाया गया। इस अवसर पर रंग-बिरंगी शोभायात्राएं निकाली गईं और पूजा-अर्चना के साथ भोजली का विधिवत विसर्जन किया गया।
भव्य भोजली विसर्जन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य के जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में विधायक बालेश्वर साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया तथा जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू ने भाग लेकर भोजली माता की पूजा-अर्चना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
ग्राम बिर्रा में आयोजित भोजली विसर्जन कार्यक्रम में सरपंच पीलीबाई एकादशिया एवं उनके साथ पंचायत प्रतिनिधियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। वहीं, ग्राम नकटीडीह में सरपंच करमौतीन तुलसीदास गोस्वामी के नेतृत्व में भोजली विसर्जन किया गया, जिसमें सभी पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।
भक्तिभाव और पारंपरिक उत्साह से ओत-प्रोत इस पर्व में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। महिला-पुरुषों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखा।










