"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

छत्तीसगढ़ के विकास में अटल जी का अमूल्य योगदान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

KPN24 :- छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदृष्टि और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अटल जी द्वारा दिया गया यह राज्य आज उनके सपनों के अनुरूप विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय राजधानी रायपुर स्थित श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में पायनियर समूह के स्थापना दिवस एवं अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने की। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धेय अटल जी को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में ही वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि अटल जी के शासनकाल में स्वर्णिम चतुर्भुज योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, टेलीकॉम क्रांति और जनजातीय मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण फैसलों ने देश और विशेष रूप से छत्तीसगढ़ जैसे नवगठित राज्यों को मजबूती प्रदान की।

उन्होंने कहा कि अटल जी का योगदान केवल राजनीतिक सीमाओं तक सीमित नहीं था, वे एक सशक्त वक्ता, संवेदनशील कवि और कुशल प्रशासक भी थे। उनके कार्यकाल में देश ने परमाणु परीक्षण जैसे साहसिक निर्णय भी लिए, जिसने भारत की वैश्विक स्थिति को मजबूत किया।

मुख्यमंत्री ने पायनियर समूह को स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण करने पर बधाई देते हुए कहा कि यह संस्था पिछले एक दशक से पत्रकारिता में निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। उन्होंने बालाजी ग्रुप द्वारा महिलाओं को नि:शुल्क डिलीवरी और उपचार जैसी सेवाएं देने की भी सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पायनियर समूह ने बीते 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ में एक मजबूत और विश्वसनीय समाचार संस्था के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में पायनियर के रायपुर संस्करण की शुरुआत के अवसर पर तत्कालीन वित्त मंत्री स्व. अरुण जेटली की उपस्थिति इस संस्था की गरिमा को दर्शाती है।

डॉ. सिंह ने अटल जी से जुड़े कई संस्मरण भी साझा किए और कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में ग्रामीण सड़क योजना और सर्व शिक्षा अभियान जैसे नवाचारों के जरिए देश के सामाजिक-आर्थिक ताने-बाने को सशक्त किया।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने भी पायनियर समूह को स्थापना दिवस की बधाई दी और संस्था के उज्जवल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में पायनियर और बालाजी ग्रुप के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में अटल जी के विचारों और योगदान पर आधारित विचार साझा किए गए, जिससे युवाओं को उनकी दूरदर्शिता और राष्ट्रनिर्माण में भूमिका की प्रेरणा मिली।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More