
KPN24:- बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जेपी विहार में शिक्षिका के घर हुई मारपीट और तोड़फोड़ का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। दो सहकर्मी शिक्षिकाओं के बीच की दोस्ती से शुरू हुआ विवाद अब गहरी दुश्मनी में बदल गया है।
दरअसल, जेपी विहार निवासी शिक्षिका मीनाक्षी शर्मा और सिरगिट्टी के सूर्या विहार निवासी शिक्षिका नेहा पांडेय एक ही स्कूल में कार्यरत हैं। शुरू में दोनों परिवारों का मेल-मिलाप था, लेकिन मीनाक्षी के पति मुकेश शर्मा को यह दोस्ती पसंद नहीं थी। पत्नी द्वारा दूरी बनाने पर नेहा नाराज हो गई और उसने पति सोनू प्रकाश को इसकी जानकारी दी।
आरोप है कि इसी बात को लेकर 10 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे नेहा और उसका पति मीनाक्षी के घर पहुंचे और विवाद के दौरान मुकेश शर्मा पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई मीनाक्षी और बच्चों से भी धक्कामुक्की की गई। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों वहां से भाग निकले। घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई।
उधर, घटना के बाद मुकेश शर्मा अपने दो साथियों के साथ नेहा के घर पहुंचे। दरवाजा नहीं खोलने और भीतर से गाली-गलौज करने पर उन्होंने गुस्से में घर में तोड़फोड़ कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद नेहा पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में मुकेश और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकेश व अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
अब जमानत पर रिहा हुए मुकेश शर्मा ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपते हुए दावा किया है कि सबसे पहले उन्हीं पर हमला किया गया था। दंपत्ति का आरोप है कि पुलिस ने आरोपी पक्ष पर सख्त कार्रवाई नहीं की, बल्कि उन्हें ही कठोर धाराओं में फंसा दिया।
मीनाक्षी और मुकेश का आरोप है कि नेहा आए दिन उनके बीच विवाद कराती थी और मीनाक्षी को पति के खिलाफ भड़काती थी। दंपत्ति का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और पुलिस को सख्त धाराओं में कार्रवाई करनी चाहिए।










