
KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले 61 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा महीनों तक शारीरिक शोषण किया गया। इस दौरान किसी को भी घटना के बारे में जानकारी नहीं थी और समाज, डर व लोकलाज के कारण परिजनों ने भी चुप्पी साध रखी थी।
घटना का खुलासा ऐसे हुआ
जब किशोरी के पेट में बेहद दर्द हुआ तो परिजन उसे लेकर राजधानी के जिला अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के दौरान पता चला कि वह गर्भवती है और वहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन ने नाबालिग द्वारा बच्चे को जन्म देने की सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जब परिजनों से पूछताछ की, तब जाकर पूरे मामले की सच्चाई सामने आई।
आरोपी गिरफ्तार, आगे की जांच जारी
पुलिस ने जांच में पाया कि 61 वर्षीय आरोपी, जो रायपुर नगर निगम का कर्मचारी है, पड़ोस में रहता है और पीड़िता के साथ महीनों तक यौन शोषण करता रहा। आरोपी के खिलाफ BNS की धारा और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई पीड़िता के बयान व डीएनए जांच के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी।
पीड़िता व नवजात सुरक्षित
घटना के खुलासे के बाद सामाजिक आक्रोश तेज हो गया है। फिलहाल पीड़िता और उसकी नवजात बच्ची की हालत स्थिर है और दोनों को अस्पताल में विशेष देखरेख में रखा गया है।










