
KPN24:- सक्ती जिले के छपोरा नरियरा बिजली सब स्टेशन क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। रोज़ाना घंटों बिजली गुल रहने से आमजन को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कभी भी अचानक बिजली चली जाती है और घंटों तक लौटकर नहीं आती। इस वजह से किसानों की सिंचाई प्रभावित, बच्चों की पढ़ाई बाधित और घरों में पानी की समस्या जैसी परेशानियां बढ़ गई हैं। दुकानदारों ने भी बताया कि बिजली कटौती से उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और इनवर्टर भी अब जवाब दे चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा, “हमने कई बार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। बारिश के मौसम में तो हालात और ज्यादा बिगड़ जाते हैं।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे सामूहिक प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
बिजली विभाग का पक्ष
इस विषय में जब बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने तकनीकी खराबी और ट्रांसमिशन लाइन में समस्या का हवाला देते हुए जल्द ही सुधार का आश्वासन दिया।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग कब तक इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकालते हैं, ताकि छपोरा और नरियरा सब स्टेशन से जुड़े ग्रामीणों को राहत मिल सके।










